उन्नाव। भर्ती प्रक्रिया को आगे न बढ़ाने से नाराज शिक्षामित्रों ने बीएसए का घेराव किया और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए विज्ञापन जारी करने की मांग की। बीएसए ने पद न होने की बात कहकर उन्हें चलता कर दिया।
शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित करने के लिए 15 अप्रैल से भर्ती प्रक्रिया शुरू होनी थी। पदों का सृजन न होने के कारण बीएसए ने विज्ञापन जारी नहीं किया, जबकि अन्य जिलों में विज्ञापन जारी कर दिया गया है।
इससे नाराज शिक्षामित्र शिक्षक नेता विवेक तिवारी की अगुवाई में बीएसए कार्यालय पहुंचे और भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत किए जाने की मांग की। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रभारी दीपनारायण ने कहा कि अन्य जिलों में तो भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है इस जिले में अभी तक प्रक्रिया क्यों नही प्रारंभ की गई। प्रक्रिया शुरू न होने से नियुक्ति में भी लेट लतीफी हो सकती है।
बीएसए ने बताया कि हमारे पास अभी पद ही नहीं है तो शिक्षामित्रों का समायोजन कैसे किया जा सकता है। पद न होने की वजह से विज्ञापन भी जारी नहीं किया जा रहा है। टीचरों के प्रमोशन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उसमें जो पद रिक्त होंगे उसी आधार पर समायोजन किया जाएगा।
घेराव करने वालों में जिलाध्यक्ष कमलकांत शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप शुक्ला, महामंत्री संतोष द्विवेदी, राहुल गौड़, भानु प्रताप, कोमल शर्मा, नाजमा बानो, कंचन सिंह, ज्ञानचंद्र, सुधाकर तिवारी सहित अन्य शिक्षामित्र शामिल रहे।
बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षामित्रों के समायोजन को लेकर सचिव बेसिक शिक्षा से दो घंटे तक कांफ्रेंसिंग भी हुई है। उनसे भी पदों की स्थ्िाित को स्पष्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही रिमाइंडर भी भेजा गया है। जैसा आदेश होगा वैसा कार्य किया जाएगा।