फोटो-4- मनोहर (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
अलग-अलग स्थानों पर हुईं घटनाएं, जांच में घरेलू कलह की बात आई सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव/बीघापुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो किसानों के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस के मुताबिक दोनों घटनाओं में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
सदर कोतवाली के नौरंगाबाद निवासी मनोहर (56) खेती कर परिवार चलाता था। बेटे सर्वेश ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे पिता खेत जाने की बात कहकर गए थे। कुछ देर बाद खेत से भिंडी तोड़ने के लिए वह (बेटा) व अन्य परिजन भी पहुंचे। दो घंटे बाद सभी लोग घर आ गए थे। लेकिन पिता खेत में ही रुक गए। बाद में ग्रामीणों ने पिता का शव ट्यूबवेल में रस्सी के फंदे से लटका देखा। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
दूसरी घटना में बारासगवर थाना के गांव भरोसे का पुरवा निवासी किसान राजेश (38) का शव रविवार सुबह घर के बाहर छप्पर में फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक पत्नी सरोजनी ने आपसी कहासुनी के चलते कदम उठाने की बात बताई। मां कमला व अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।