उन्नाव। बोर्ड परीक्षा का गुरुवार को बिगुल बज गया। 19 फरवरी से शुरू हो रहीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। परीक्षा में निगरानी रखने के लिए सचल दल का गठन होने के साथ ही कंट्रोल रूम भी बना दिया गया है। इसके अलावा कक्ष निरीक्षकों की भी तैनाती की जा चुकी है।
परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने केंद्रों में कड़ी निगरानी रखेंगे ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही सामने न आ सके। गुरुवार को हाईस्कूल और इंटर में हिंदी प्रशभन पत्र की परीक्षा होगी। जिसमें सुबह की में 7.30 से 10.45 बजे के बीच हाईस्कूल और दोपहर की पाली में 2 बजे से 5.15 बजे के बीच इण्टर की परीक्षाएं सम्पन्न होगी।
बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले शासन ने निर्देश दिए थे कि जिले में बनाए जा रहे परीक्षा केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरे लगवाए जाएं ताकि परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे लेकिन यह आदेश सिर्फ कागजों पर चल गया। इतना ही नहीं उन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बना दिया गया जिनमें वर्ष 2013 में माध्यमिक शिक्षा जेडी ने नकल पकड़ी थी।
छह सचल दल बनाए गए
उन्नाव। बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए छह सचल दल बनाए गए हैं। पहले सचल दल के प्रभारी डीआईओएस शफीक मोहम्मद सिद्दीकी, दूसरे सचल दल के प्रभारी बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह, तीसरे सचल दल के प्रभारी राजकीय हाईस्कूल अल्दो के प्रधानाध्यापक प्रेम नारायण दीक्षित, चौथे सचल दल के प्रभारी राजकीय हाईस्कूल घोंघी रौतापुर के प्रधान टीचर परमात्मा शरण तिवारी, पांचवें सचल दल की प्रभारी राजकीय बालिका हाईस्कूल भवानगंज की प्रधानाध्यापक मनीषा द्विवेदी तथा छठे सचल दल का प्रभारी राजकीय हाईस्कूल पारा की प्रधानाध्यापिका सपना चौधरी को बनाया गया है। इन प्रभारी के साथ चार और लोगों का भी स्टाफ रहेगा।
दूसरे सचल दल के सदस्यों में किया गया है संशोधन
बोर्ड परीक्षा में छापेमारी के लिए बनाए गए दूसरे सचल दल के सदस्यों में संशोधन किया गया है। पहले इस सचल दल में बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह के साथ नगर शिक्षाधिकारी सुरेशचंद्र वर्मा, बीईओ असोहा आरती गुप्ता व प्राइमरी पाठशाला कटरी कंदनपुर की सहायक टीचर प्रज्ञा को लगाया गया था। अब संशोधन के बाद बीईओ आरती गुप्ता के स्थान पर ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी के बीईओ अमरनाथ को तथा सहायक टीचर प्रज्ञा के स्थान पर ब्लॉक सिकंदरपुर करन की बीईओ ऊषा शुक्ला को शामिल किया गया है।
4422 कक्ष निरीक्षकों की लगाई गई ड्यूटी
उन्नाव। बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए 150 केंद्रों पर कुल 4,422 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी की लगाई गई है। इसमें 3,343 टीचर माध्यमिक विद्यालयों हैं तथा 1079 टीचर परिषदीय विद्यालयों से लिए गए हैं। इसमें से 500 महिला टीचर तथा 579 पुरुष टीचर हैं। इसके साथ ही 150 केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई गई है।