उन्नाव। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना से उपचुनाव में सभी सीटों पर भाजपा व उसके सहयोगी दलों के जीतने का दावा किया। कहा कि विपक्षियों को पहले से ही हार दिखने लगी है। इसलिए बेकार की बयानबाजी कर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा और कोषाधिकारी नीलम शर्मा से पेंशन व अन्य भुगतान की जानकारी ली। कहा कि पेंशनरों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पेंशन कक्ष, शौचालय व पीने के पानी की व्यवस्था की जानकारी ली और कहा कि विभागीय कार्यालय के उच्चीकरण की जरूरत हो तो उसका प्रस्ताव तुरंत भेजें।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव है, वहां भाजपा भारी मतों से जीतने जा रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि उन्हें पहले ही हार दिखनी शुरू हो गई है, इसीलिए लाल पर्ची को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। कहा कि जब प्रदेश में सपा सरकार थी, अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, उस समय 2014 में केंद्र में भाजपा ने बहुमत से सरकार बनाई थी। उस समय प्रदेश में तगड़ी जीत मिली थी। तब अखिलेश यादव को सरकारी मशीनरी का चुनाव में प्रयोग करने की बात नहीं दिख रही थी। इस समय जब हार से सभी लोग बौखलाए हुए हैं, तब बेकार की बयानबाजी कर रहे हैं।
अखिलेश के चुनाव आयोग को लिखे गए पत्र में बुर्कानशीं महिलाओं का चेहरा न खुलवाने की मांग संबंधी सवाल पर वित्त मंत्री ने कहा कि फर्जी मतदान रोकने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की है। आयोग अपने अनुसार कार्य करता है। वहीं, जनपद के गड्ढा मुक्त न होने के सवाल पर कहा कि इसका संज्ञान लिया है। जिम्मेदारों से इसकी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ी