मौरावां (उन्नाव)। मौरावां-बछरावां मार्ग पर शुक्रवार शाम छह बजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। घटना के समय बाइक सवार पत्नी को लेकर अपनी ससुराल जा रहा था। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मौरावा थाना के गांव मदाखेड़ा निवासी सनिल कुमार रावत (25) पुत्र विजय कुमार रावत अपनी पत्नी संजना (21) के साथ बाइक से शुक्रवार शाम अपनी ससुराल पुरवा कोतवाली के गांव रहिमापुर जा रहे थे। मौरावां-बछरावां मार्ग पर कस्बे के मोहल्ला लक्ष्मीपुरम के पास वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया।
तेज टक्कर लगने से दंपती उछलकर सड़क पर गिरे और काफी दूर तक घिसटते चले गए। भागते समय वाहन दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। संजना की मौके पर मौत हो गई, जबकि सनिल की सांस चलते देख पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। तब तक उसकी भी मौत हो चुकी थी। जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान कर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी।
मृतक सनिल के छोटे भाई अनिल ने बताया कि सात फरवरी 2025 को दोनों का विवाह हुआ था। सनिल कुमार दिल्ली में रहकर कपड़ों की सिलाई का काम करता था। चार महीने पहले घर आए थे और तब से यहीं थे। बताया कि पिता की भी दस साल पहले सड़क हादसे में मौत हुई थी। बेटे की मौत से मां बुधाना व अन्य परिजन बेहाल हैं।
बेटी संजना और दामाद सनिल की मौत की सूचना पर मां श्यामकली, पिता बिंदबाहदुर, छोटी बहन अदिति और सुहानी अस्पताल पहुंचीं। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि दंपती के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई होगी।