उन्नाव। शुक्लागंज-उन्नाव मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार व्यवसायी की मौत हो गई। हेलमेट न लगाए होने से सिर में आई गहरी चोट मौत की वजह बनी। चालक लोडर छोड़कर भाग गया।
सदर कोतवाली के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी अरविंद (48) पुरवा कोतवाली के बाजीखेड़ा चौराहा पर भवन निर्माण सामग्री की दुकान खोले थे। सोमवार सुबह बाइक से मगरवारा स्थित गोकुल बाबा मंदिर दर्शन करके लौट रहे थे। करीब 10 बजे उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर शेखपुर नहर के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गहरी चोट लगी और अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अरविंद मूल रूप से बिहार थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव के रहने वाले थे। पत्नी कल्पना, बेटी अनुष्का, बेटे तनिष्क सहित पूरा परिवार का बुरा हाल है।