पुरवा। उन्नाव-मोहनलालगंज मार्ग पर बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार किसान की शनिवार रात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव को आनन-फानन लोडर से पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों के हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। इस पर पुलिस ने लोडर को वापस घटनास्थल पर बुलवाया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए। डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।
पुरवा कोतवाली के भीखमपुर गांव निवासी किसान रामतीरथ (55) शनिवार शाम बाइक से अचलगंज क्षेत्र के गांव झाऊखेड़ा निवासी बहन के यहां गया था। रात करीब आठ बजे लौटते समय उन्नाव-मोहनलालगंज मार्ग पर भीखमपुर गाव के मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। तेज टक्कर लगने से रामतीरथ की मौत हो गई। पुलिस ने आनन-फानन शव लोडर में रखवाकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहुंचने से पहले ही शव को लोडर से भेज देने पर लेकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। आक्रोश को देखते हुए तीन थानों की फोर्स घटना स्थल पर पहुंची। बाद में पुलिस ने शव लेकर जा रहे लोडर को वापस घटना स्थल बुलवाया।
कोतवाली प्रभारी अमरनाथ यादव ने टक्कर मारने वाले वाहन को जल्द पकड़ने और तहरीर आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। पत्नी रामवती, बेटा अमृतलाल, मौजीलाल और देशराज बेहाल हैं।