उन्नाव। बार एसोसिएशन चुनाव के दो अलग-अलग कार्यक्रम जारी करने को लेकर की गई अधिवक्ताओं की शिकायत का संज्ञान लेकर बार काउंसिल ने एल्डर कमेटी के अध्यक्ष और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व महामंत्री को नौ फरवरी को तलब किया है।
बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर चल रही खींचतान तेज हो गई है। मंगलवार दोपहर को पहले 19 फरवरी को मतदान कराने के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था। इसके बाद शाम बार अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला और महामंत्री अरविंद कुमार दीक्षित के पत्र का हवाला देते हुए पूर्व एल्डर कमेटी चेयरमैन हरिश्चंद्र शुक्ला को बतौर चेयरमैन और बीके बाजपेयी को बतौर चुनाव अधिकारी के रूप में एक आदेश जारी हुआ, जिसमें चार मार्च को मतदान कराने की तारीख तय करते हुए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया।
इसके बाद असमंजस की स्थिति बन गई। गुरुवार को बार काउंसिल के कार्यालय अधीक्षक दीपक चतुर्वेदी ने एल्डर कमेटी चेयरमैन बीके बाजपेयी और बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला व महामंत्री अरविंद कुमार दीक्षित को जारी किए गए पत्र में नौ फरवरी को लखनऊ कार्यालय में तलब किया। पत्र में तीनों पदाधिकारियों को सभी साक्ष्य व प्रपत्रों के साथ कार्यालय लेकर पहुंचने के निर्देश दिए।