नगर के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे का लाभ कई माह बाद भी बड़े वाहनों को मिलना शुरू नहीं हुआ है। इस एक्सप्रेस-वे को फरवरी में कई सड़क दुर्घटनाएं होने के बाद नगर व बांगरमऊ की ओर से प्रवेश करने वाले बड़े वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके लिए एक्सप्रेस-वे पर हाईगेज लगाया गया था। जिसे आज तक हटाया नहीं गया है।
मालूम हो कि लखनऊ से लेकर आगरा तक 302 किमी लंबे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे मात्र 23 माह में बनकर तैयार हुआ था। इसका उद्घाटन 21 नवंबर को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था।
विज्ञापन
इसके बाद 21 दिसंबर को यह एक्सप्रेस-वे आम लोगों के लिए खोल दिया गया था, लेकिन फरवरी से अब तक लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण उस समय ही नगर व बांगरमऊ की ओर से आगरा और लखनऊ की ओर आने जाने के लिए इस एक्सप्रेस-वे को बड़े वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया था। बड़े वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए एक हाईगेज लगाया गया था। जिसे आज तक हटाया नहीं गया है।
इस कारण भारी वाहनों पर प्रतिबंध अभी भी जारी है। प्रवेश वर्जित होने के कारण बड़े वाहनों को इस एक्सप्रेस-वे का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के प्रबंधक मो. सरकार ने बताया कि प्रशासन की ओर से इस एक्सप्रेस-वे पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। अगला आदेश आने तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा।