लोग बाजारों में आई नई-नई वस्तुओं को देखते रहे और धनतेरस पर उसे खरीदने की बात भी करते रहे। वहीं दुकानदार त्योहार की तैयारियों में जुटे रहे।
दीवाली से दो दिन पहले पड़ने वाले त्योहार धनतेरस पर सभी जमकर खरीदारी करते हैं। अपनी सामर्थ्य के हिसाब से इस दिन हर कोई कुछ न कुछ जरूर लेता है। इसके चलते इस दिन सोना-चांदी, इलेक्ट्रानिक्स, बर्तन, कपड़ों के अलावा ड्राई फ्रूट्स व मिठाईयों की बिक्री जोरों पर रहती है। दुकानदार भी पूरे साल इस त्योहार का इंतजार करते हैं और इसकी तैयारी भी करते हैं। धनतेरस के आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। गुरुवार को शहर की मुख्य मार्केट धवन रोड, बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, सब्जी मंडी के अलावा गलियों तक की सभी दुकानें धनतेरस के आगमन के लिए तैयार हो गई हैं। वहीं गुरुवार को महिलाएं व बच्चे बाजारों में पहुंचने लगे और धनतेरस पर आवश्यक वस्तुओं को खरीदने के लिए पसंद करते रहे। कोई फ्रिज पंसद करता रहा तो किसी को एलईडी टीवी पसंद आई। वहीं सोने-चांदी की दुकानों पर भी किसी ने सोने की अंगूठी पसंद की तो किसी को नैकलेस अधिक भा रहा था। वहीं वाहनों के शोरूम में भी खरीदार अपनी पसंद की बाइकों व कारों को बुक कराते रहे। सभी ने गुरुवार को सिर्फ अपनी पसंद के रंग व माडलों को बुक कराया। इसके चलते बाजार में खासी रौनक दिखाई देने लगी। शाम होते ही बाजार लाइटों की रोशनी से जगमगा उठे।
महिलाओं को भाए चांदी के गणेश-लक्ष्मी
शहर के ज्वैलर्स इस बार लाइट वेट में खूबसूरत गणेश-लक्ष्मी लाए हैं। जो महिलाओं के मनों को काफी भा रहे हैं। इसमें कम कीमत वाले गणेश-लक्ष्मी जो कि 12 रुपये से शुरू हैं लोगों को अधिक पसंद आ रहे हैं जबकि कुछ धनवान लोग बाजार में उपलब्ध 25 हजार तक की कीमत के गणेश-लक्ष्मी भी पसंद कर रहे हैं।
चाइना झालरों से हो रहा मोहभंग
चाइना के विरोध में हो रही बातों व इसके बाजार में उपलब्ध सामान को न खरीदने की हो रही जबरदस्त अपील के चलते इस बार बाजार में चाइना आइटमों से सजी दुकानें तो दिख रही हैं लेकिन उनमें खरीदारों की भीड़ नजर नहीं आ रही है। दीवाली पर सबसे अधिक बिकने वाली चाइना झालरों से लोग परहेज कर रहे हैं। बाजार में कोई अन्य विकल्प न होेने कुछ लोग कम मात्रा में इसकी खरीदारी कर घर को रोशन कर रहे हैं।