उन्नाव। जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क रहा। डीएम, एसपी सहित कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भ्रमण करते रहे। नमाज के बाद भी शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए खुफिया पुलिस को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
पिछले सप्ताह जुमे की नमाज के बाद प्रदेश के कई जिलों में झड़पें हुईं थीं। यहां कोई ऐसी घटना न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने एक दिन पहले ही तैयारियां पूरी कर लीं थीं। शुक्रवार को नमाज से पहले पुलिस, पीएसी और कमांडो दल कसाई चौराहा, जमा मस्जिद सहित अन्य स्थानों पर मुस्तैद रहा। शहर की जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में शांतिपूर्ण नमाज अदा की गई।
डीएम रवींद्र कुमार, एसपी दिनेश त्रिपाठी, सीडीओ दिव्यांशु पटेल, एएसपी शशि शेखर सिंह शहर में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही से भी मुलाकात की। शहर काजी ने भी सभी से सौहार्द कायम रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
जिले की सभी तहसील क्षेत्रों और कस्बों में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बांगरमऊ, सफीपुर, बीघापुर, हसनगंज, मियागंज, गंजमुरादाबाद, पुरवा, मौरावां में भी शांति रही।
जामा मस्जिद में नमाज संपन्न होने और नमाजियों के लौट जाने तक सिटी मजिस्ट्रेट विजेता, एडीएम नरेंद्र सिंह, एएसपी शशि शेखर सिंह, सीओ सिटी आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारी जिले के अन्य स्थानों की भी फोन पर जानकारी लेते रहे।
किला पुलिस चौकी के बाहर ड्रोन कैमरे को उड़ाया गया और नमाज शुरू होने से पहले से देर शाम तक शहर में दो किमी क्षेत्र में नजर रखी गई। ड्रोन कैमरे से जामा मस्जिद, छोटा चौराहा, छिपियाना, कसाई चौराहा, गदियाना, एबी नगर सहित शहर के प्रमुख स्थानों और मुख्य मस्जिदों के आसपास की गलियों और इमारतों की छतों पर नजर रखी गई। जहां भी भीड़ दिखी पुलिस ने गश्त बढ़ा दी।
नलकूप चालू करना भूल गया ऑपरेटर, पानी की किल्लत
किला मोहल्ले में जुमे की नमाज से पहले पानी की दिक्कत रही। यहां लगे दो नलकूपों में एक नलकूप को ऑपरेटर चलाना ही भूल गया। इससे ओवरहेड टैंक नहीं भर सका और जलापूर्ति प्रभावित रही। जलकल अभियंता विवेक वर्मा ने बताया कि जिस ऑपरेटर की ड्यूटी लगी थी, उसे दूसरे नलकूप की जानकारी नहीं थी। जो ऑपरेटर अब तक तैनात था, वह दो दिन की छुट्टी पर है। जलापूर्ति न होने पर लोगों ने शोरशराबा किया तब दूसरे नलकूप को चालू किया गया।