-एक्सप्रेसवे पर हुए गड्ढों पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ट्वीट पर बांगरमऊ विधायक का पलटवार
संवाद न्यूज एजेंसी
गंजमुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए गड्ढों पर ट्वीट के बाद बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने पलटवार करते हुए कहा कि सुर्खियों में बने रहने के लिए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ऐसे बयान देते हैं।
मालूम हो कि दो दिन पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के कुछ स्थानों पर गड्ढे हो जाने के एक वीडियो पर ट्वीट करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा राज में लखनऊ- आगरा एक्सप्रेसवे पूरी तरह से उपेक्षित किया जा रहा है। जो सबसे कम समय में अच्छे एक्सप्रेसवे के रूप में बनने पर पूरे देश के लिए डिजाइन, टेक्नोलॉजी और क्वालिटी के लिए उदाहरण बना था।
उसकी देखभाल तक भाजपाई नहीं कर पा रहे हैं। हर दिन जो दो करोड़ रुपये का टोल वसूला जा रहा है, वह किस गड्ढे को भर रहा है। यदि तुरंत सुनवाई नहीं हुई और मरम्मत शुरु नहीं हुई तो हर गड्ढे में एक सामाजिक कार्यकर्ता को खड़ा करके सोती हुई भाजपा सरकार का ध्यानाकर्षण किया जाएगा।
इस पर बांगरमऊ के भाजपा विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि बरसात के कारण भारी वाहनों से मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाना स्वाभाविक है। बरसात बाद क्षतिग्रस्त लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए बजट है। मुख्यमंत्री ने भी समीक्षा बैठक में इस विषय पर चर्चा की थी। इसके तहत हर विधायक से क्षतिग्रस्त मार्गों के वीडियो और फोटो मांगे गए हैं। आरोप लगाया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसे बयान देते रहते हैं। जनता सब जानती है।