नवाबगंज। साले के तिलक समारोह में शामिल होकर मंगलवार की रात परिवार के साथ घर के लिए निकले युवक की हत्याकर बदमाशों ने शव सड़क पर फेंक दिया, पास में ही बाइक पड़ी थी। बुधवार सुबह शव सड़क पर देख सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ ने भी हत्या की आशंका जताई है।
अजगैन थानाक्षेत्र के गांव इछौली निवासी अनिल साहू (32) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मंगलवार को सेरसा निवासी चचेरे साले ओमकार साहू के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए गया था। तिलक समारोह के बाद मंगलवार की रात में पत्नी घर चलने की जिद करने लगी।
पति बुधवार की सुबह घर चलने की बात कह रहा था। पति-पत्नी में इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर पति, पत्नी और बच्चों को लेकर रात में ही घर के लिए चल पड़ा। मृतक की 11 वर्षीय पुत्री आंचल ने बताया कि रास्ते में मम्मी और पापा में फिर से झगड़ा हो गया तो मम्मी मुझे लेकर और पापा को रास्ते में छोड़कर वहां से चली गई।
बुधवार सुबह युवक का शव सेरसा-भाड़ी मार्ग पर सड़क के बीचोबीच पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के सिर पर गंभीर चोटें थी और उसके गले में रस्सी भी बंधी हुई थी। शव के नजदीक ही युवक की बाइक भी पड़ी मिली। सूचना मिलने पर हसनगंज सीओ माजिद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। उनके साथ मौजूद फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पड़े ब्लड का सैंपल भी लिया।
गले में रस्सी होने के कारण पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। एसओ ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि युवक के परिजनों और सीओ ने उसके सिर पर गंभीर चोटें होने के कारण हत्या की शंका जाहिर की है। पुलिस ने पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया है। सीओ ने बताया कि पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।