प्रसूता की मौत के बाद नवजात बच्ची को लेकर जाती उसकी दादी
- फोटो : अमर उजाला
प्रसव के कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ गई। खून की कमी से हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। सीएमओ ने शिकायत मिलने पर जांच की बात कही है।
आसीवन थानाक्षेत्र के सुर्जनखेड़ा गांव निवासी रेनू (25) पत्नी राहुल को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। सुबह दस बजे परिजनों ने उसे सफीपुर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां सुबह 11:45 बजे रेनू ने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के कुछ ही देर बाद रेनू की हालत बिगड़ने लगी। सफीपुर सीएचसी के डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रेनू की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक रेनू को खून की कमी थी। वह शारीरिक रूप से काफी कमजोर थी।
पति ने सफीपुर सीएचसी के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि राहुल ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है। वहीं सीएमओ डॉ. भूपेंद्रनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि अगर शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। हरदोई के गाजीपुर बेहंदर निवासी मृतका के पिता ने बताया कि रेनू की शादी एक साल पहले हुई थी। रेनू को पहला बच्चा हुआ है।