उन्नाव। शहर में दोस्त के घर रह रहे जमाती के कोरोना संक्रमित पाए जाने के दूसरे दिन प्रशासन सख्त रहा। स्वास्थ्य विभाग शेखवाड़ा व आसपास के हर व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग कराएगा।
एक किमी क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है। प्रशासन ने इस क्षेत्र में आने वाले सभी आठ वार्डों में सफाई और सैनिटाइज करने काम तेज किया गया है। डीएम रवींद्र कुमार, एसपी विक्रांतवीर सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर जायजा लिया। नगर पालिका ईओ को काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए। एडीएम राकेश कुमार सिंह ने दोपहर को क्षेत्र का भ्रमण कर एसडीएम तहसीलदार को सफाई के काम तेजी लाने के साथ ही लोगों को भोजन, सब्जी, रसोई गैस, खाद्यान्न, दवा व अन्य आवश्यक सामग्री की कमी न होने देने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण व थर्मल स्क्रीनिंग होगी।
हॉट स्पॉट क्षेत्र को सैनिटाइज कराने के लिए नगर पालिका के साथ ही फायर ब्रिगेड की भी मदद ले रहा है। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी रामपूजन श्रीवास्तव ने बताया कि सैनिटाइजेशन के काम में 40 कर्मियों को लगाया गया है। यह कर्मी 4 बड़ी व 15 छोटी मशीनों से क्षेत्र को विसंक्रमित कराया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की मदद से क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर फायर ब्रिगेड की मदद से दवा का छिड़काव भी कराया गया है।
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद लोगों में दहशत है। लोग खुद को घरों में बंद किए रहे, यहां तक की छत और बालकनी में भी नहीं दिखे। सील किए गए क्षेत्र के लोगों में डर है कि कहीं संक्रमित की चहलकदमी में उनका घर या उनका कोई मिलने वाला भी न आ गया हो।
हसनगंज के मोहान कस्बे में स्थित कोरोना संक्रमित पाए गए जमाती के मोहल्ले सहित आसपास के एक किमी क्षेत्र को सील करने के बाद शुक्रवार को सफाई और सैनिटाइजेशन का काम कराया गया। लोगों को लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी गई।
एसडीएम प्रदीप वर्मा, सीओ कृपाशंकर ने मोहान कस्बे में भ्रमण कर जायजा लिया। बेवजह घूमने वालों को पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी गई। सलखेमऊ वार्ड की सभासद ज्ञानवती ने बताया की पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया गया है। बताया कि टाउन कर्मचारी भोजन, सब्जी व अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।