एक्सप्रेसवे पर औरास थाना क्षेत्र में ट्राला में घुसा टैंकर ।
- फोटो : UNNAO
औरास। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर औरास थानाक्षेत्र के अटिया गांव के सामने एक्सप्रेसवे के किनारे खराब खड़े बांस लदे ट्राला में पीछे से डामर से भरा टैंकर टकरा गया। हादसे में टैंकर का चालक और क्लीनर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को औरास पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चालक ने झपकी लगने से हादसा होने की बात पुलिस को बताई है।
राजस्थान के भीलवाड़ा के थाना शाहपुर के नरसदा गांव निवासी श्यामलाल ट्राला पर बांस लादकर लखनऊ से आगरा की ओर जा रहा था। सोमवार भोर पहर औरास थाना क्षेत्र के अटिया गांव के सामने एक्सप्रेसवे पर उसके ट्राला में तकनीकी खराबी आ गई। जिस पर उसने ट्राला एक्सप्रेसवे किनारे खड़ा कर दिया। तड़के लगभग पांच बजे लखनऊ से आगरा की ओर डामर (तारकोल) लेकर जा रहा टैंकर चालक के झपकी आने से ट्राला में पीछे से टकरा गया। हादसे में रायबरेली के थाना महराजगंज के दोसौदी गांव निवासी टैंकर चालक जितेंद्र सिंह (32) पुत्र राम उजागर सिंह और इसी थाना क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी सचिन (18) पुत्र राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर एसओ औरास राजबहादुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक व क्लीनर को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को औरास टोल प्लाजा पर खड़ा कराया है।