फोटो :33: कमरे के बाहर पड़ा आग से जला घरेलू सामान। संवाद
हसेरन। नंदपुर खिरिया गांव में सोमवार सुबह बिजली मीटर में शाॅट-सर्किट होने से आग लग गई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणाें ने आग को बुझाने के प्रयास शुरू किया लेकिन तब तक गृहस्थी का सामान जलकर राख हो चुका था।
गांव निवासी अमृतलाल यादव सोमवार को पुत्रों के साथ खेतों पर गए थे। सुबह नौ बजे घर के बाहर लगे मीटर में शाॅट-सर्किट हो गया जिससे घर के अंदर भी फाॅल्ट हो गया। घर में मौजूद महिलाएं कुछ समझ नहीं पाईं। कुछ देर बाद तारों से निकली चिंगारी आग में तब्दील हो गई और अन्य सामान्य को चपेट में ले लिया। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े और पानी-मिट्टी डालकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। जानकारी होने पर अमृतलाल, बेटों के साथ घर आ गए और ग्रामीणों के साथ मशक्कत कर आग को काबू किया।
पीड़ित किसान ने बताया कि उसके छह पुत्र हैं, जिनमें चार की शादी हो चुकी है। सभी सामूहिक परिवार में रहते हैं। आग से चारों पुत्रों का गृहस्थी का सामान, कपड़े, बर्तन व अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। पीड़ित ने आग से लगभग तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया। आग लगने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।