तालग्राम। पूर्व चेयरमैन के हाईवे स्थित कार्यालय की खिड़की तोड़कर चोरों ने रविवार रात करीब डेढ़ लाख रुपये की सामग्री पार कर दी। चोरों ने दूसरी बार कार्यालय को निशाना बनाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
कस्बा तालाब कला निवासी पूर्व चेयरमैन दिनेश सिंह यादव ने बताया कि तालग्राम छिबरामऊ मार्ग के एक्सप्रेसवे अंडरपास पर स्थित हाईवे सिटी दो के नाम से कार्यालय है। रविवार शाम कार्यालय बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए। रात में किसी समय चोरों ने खिड़की तोड़कर कार्यालय में रखे दो बैटरी, इन्वर्टर, सोलर पैनल दो किलो वाट, डीवीआर, चार सीसीटीवी कैमरा, टीवी व सेटअप बॉक्स, समर स्टार्टर, केबल बंडल, कूलर की मोटर, पंखा, नगदी व जरूरी कागजात चोरी कर ले गए। उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है।
बताया कि मई 2025 में भी चोरों ने ढाई लाख रुपये का सामान पार कर दिया था। तहरीर देने के बाद चोरों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। थाना प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जल्द चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।