अहिरनपुरवा जाने वाले मार्ग पर जंगल में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ। बाईपास से अहिरनपुरवा जाने वाले मार्ग पर माता शीतला देवी मंदिर के निकट जंगल में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग ने मंदिर के पुजारी की कुटिया समेत उसमें रखा सामान जलाकर राख कर दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार कर आग को आगे बढ़ने से रोका। ग्रामीण भी अपने संसाधन जुटाकर आग बुझाने में जुट गए। पानी की कमी और दूर तक अग्नि प्रभावित क्षेत्र होने के चलते फायर ब्रिगेड की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कई बार पानी लेने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी को थोड़ी ही दूर पर स्थित यहां की नई पानी की टंकी तक जाना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो सैकड़ों बीघा गेहूं की खड़ी फसल राख हो सकती थी।