हसनगंज। नगर पंचायत मोहान में सात लाख रुपये से बनाए गए नाले का करीब 100 मीटर हिस्सा हल्की बारिश में ही भरभरा कर ढह गया। गुणवत्ता जांचने के सवाल का जवाब देने से बचते हुए पीडब्ल्यूडी के जेई ठेकेदार को दोबारा बनवाने के निर्देश दिए जाने की बात बताई।
मोहान नगर पंचायत के अजमतगढ़ी मोहल्ला में डेढ़ माह पहले कार्यदायी संस्था श्रीमहाकाल इंटरप्राइजेज को सात लाख रुपये में नाला निर्माण का टेंडर हुआ था। ठेकेदार ने नाला निर्माण के दौरान दोयम दर्ज का मसाला लगाकर नाला निर्माण करा दिया। बनने के दौरान जिम्मेदार, निर्माण और सामग्री की गुणवत्ता को नजर अंदाज किए रहे। इसका नतीजा यह हुआ कि हल्की बारिश में ही नाले का करीब सौ मीटर हिस्सा ढह गया।
कस्बेवासियों ने पीडब्ल्यूडी जेई को फोन करके जानकारी दी। पीडब्ल्यूडी जेई प्रवीण कटियार ने बताया कि नाले की एक दीवार गिरने की सूचना मिली है जांच में पानी के तेज बहाव से गिरने की बात सामने आई। ठेकेदार को दोबारा बनवाने का निर्देश दिया गया है।