उन्नाव। दीपावली पर बिजली खलल नहीं डालेगी। अफसरों के अनुरोध पत्र के बाद पावर कारपोरेशन ने जिले को दो दिन के लिए रोस्टिंग फ्री कर दिया है। ऐसे में शहर और ग्रामीण इलाकों को दिन-रात बिजली मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
दीपावली पर रोशनी का सबसे ज्यादा महत्व होता है। पूर्व में लोग प्रकाश के लिए मिट्टी की दियाली और मोमबत्ती का सहारा लेते थे। समय बदला और मिट्टी की दियाली की जगह इलेक्ट्रानिक झालरों ने ले ली। बिजली से जलने वाली इन झालरों से मकान से लेकर दुकानें तक रोशन की जाती है। दीपावली पर बिजली की लुकाछिपी न हो इसके लिए तीन दिन पूर्व स्थानीय अफसरों ने पावर कारपोरेशन को पत्र भेजकर दो दिन जिले को रोस्टिंग फ्री करने का अनुरोध किया था। कहा था कि त्योहार पर बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश पनप सकता है। इस पर पावर कारपोरेशन ने दो दिन के लिए जिले में बिजली कटौती न करने के निर्देश दिए हैं।
एक्सईएन रामबुझारत ने बताया कि 23 व 24 अक्टूबर को बिजली कटौती न होने के निर्देश आए हैं। जिले में 24 घंटे बिजली दी जाएगी। लोकल फाल्टों को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त गैंग तैयार किए गए हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने पर तुरंत ट्राली ट्रांसफार्मरों को लगाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।