उन्नाव। धनवंतरि देव के जन्मदिन ‘धनतेरस’ पर जिले में खूब धन बरसा। महंगाई पर आस्था भारी पड़ गई। इस दिन जिले भर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। धनतेरस के दिन लोगाें ने दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहन, चम्मच से लेकर कुकर, टीवी से लेकर वाशिंग मशीन और सोने चांदी के आभूषण व सिक्कों आदि की भी खरीदारी की। शहर के सोने-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ों के अलावा खानपान की दुकानों में जमकर भीड़ रही। जिले भर में लगभग 25 करोड़ से अधिक का व्यापार हुआ।
धनतेरस के दिन ही भगवान धनवंतरि देव का जन्म हुआ था। इसलिए लोग इस दिन को धनवंतरि देव के जन्मोत्सव के रूप में मनाते हैं। मान्यता है इस दिन गृहस्थी से संबंधित वस्तुओं की खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसी वजह से लोग अपनी सामर्थ्य के हिसाब से इस दिन कुछ न कुछ खरीदते हैं। इसी के चलते सभी ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुछ न कुछ खरीदा। लक्ष्मी गणेश के अलावा कुबेर व मां गंगा की मूर्तियों को लोग अपने घर ले गए। मार्केट में इस बार लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां 21 रुपये प्रति जोड़ी से लेकर 11 सौ रुपये तक बिकीं।
गंजमुरादाबाद संवाददाता के अनुसार, धनतेरस और दीपावली के त्योहार के मद्देनजर नगर में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई हैं। बर्तनों से लेकर सोने चांदी के प्रतिष्ठानों और मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। देर रात तक यहां की सदर बाजार गुलजार रही।
शुक्लागंज संवाददाता के अनुसार, धनतेरस पर सराफा बाजार, इलेक्ट्रानिक बाजार, बर्तन बाजार, सहित देवी-देवताओं की मूर्तियों की दुकानें आदि सुबह से ही सज गई थी। लोगों ने बर्तन, सोने, चांदी के सामान खरीदे तो कुछ लोगों ने इलेक्ट्रानिक आइटमों की जमकर की, वहीं युवक और युवतियों ने मोबाइल खरीदे। कुछ लोगों ने परंपरा को निभाते हुए लक्ष्मी-गणेश के बने सोने के सिक्के खरीदे।
धनतेरस पर सोने की खरीददारी को शुभ मानने वाले लोगों को सोने की बनी कछुआ अंगूठी खूब भाई। गांधी नगर की रहने वाली कंचन ने बताया कि सोने के साथ-साथ कछुआ भी बहुत शुभ होता है इसलिए उन्होंने इस बार सोने की बनी कछुआ अंगूठी खरीदी। एक ज्वैलर्स के अनुसार मार्केट में यह अगूंठी 10 से लेकर 30 हजार की कीमत तक उपलब्ध है।
बर्तन दुकानों में रही सबसे अधिक भीड़
सबसे अधिक भीड़ बर्तन की दुकानों पर दिखी। इसमें लोहे के बर्तनों से स्टेनलेस स्टील के बर्तनों की बाजार में भरमार रही। किसी ने चम्मच खरीदे तो किसी ने कुकर। बाजार में स्थाई व अस्थाई रूप से सबसे अधिक दुकानें भी बर्तन की ही लगी थी।
एक ग्राम वाले आभूषण रहे पहली पसंद
सोने चांदी की खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने इस बार लाइट वेट हैवी डिजाइन वाले आभूषणों पर अधिक ध्यान दिया। लोगों की मांग रही कि कम से कम वजन में भड़काऊ दिखने वाली ज्वेलरी मिले। इसके अलावा बाजार में एक ग्राम से बनने वाली ज्वैलरी ने भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। ज्वैलरी दुकानदार मयंक शुक्ला ने बताया कि एक ग्राम वाली ज्वैलरी बनाई तो गिलट व अन्य धातुओं से जाती है लेकिन इस पर एक ग्राम सोने की एक पर्त चढ़ा दी जाती है जिससे यह सोने की ज्वैलरी की तरह ही लगती है। सराफा व्यापारियों की मानें तो इस वर्ष जिले में लगभग 5 से 7 करोड़ रुपये के सोने-चांदी का व्यवसाय किया गया है।
धनतेरस पर सोने व चांदी ने दिखाए तेवर
धनतेरस के त्योहार को देखते हुए सोने व चांदी के दामों में उछाल आ गया। सोमवार को 27,500 रुपये प्रति दस ग्राम बिकने वाला सोना मंगलवार को 350 रुपये प्रति दस ग्राम की बढ़त के साथ 27,850 में बिका। वहीं चांदी भी सोमवार को जहां 38,800 रुपये प्रति किलो बिक रही थी वह मंगलवार को तीन सौ रुपये प्रति किलो की तेजी के साथ 39,100 रुपये प्रति किलो में बिकी।
खूब बिके दुपहिया व चार पहिया वाहन
दुपहिया और चार पहिया वाहनों की भी जमकर बिक्री हुई। एक ओर जहां मध्यम वर्गीय लोगों ने साइकिल से लेकर बाइक खरीदी वहीं उच्च वर्ग के लोगों ने चार पहिया वाहनों को अपनी पसंद बनाया। टूव्हीलर व फोर व्हीलर वाहनों के डीलरों की मानें तो इस वर्ष लगभग 10 करोड़ रुपयों के वाहनों की बिक्री की गई।
रूम हीटर व ब्लोवर की भी हुई खरीदारी
ठंड के चलते लोगों ने सर्दी के मौसम में उपयोग होने वाले सामानों की भी खरीदारी की। इसमें कुछ ने रूम हीटर की डिमांड की तो कुछ ने ब्लोवर मांगा। इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार रवि कुमार अवस्थी ने कहा कि मौसम में परिवर्तन आने के कारण लोग इस बार सर्दी वाले आइटमों की मांग कर रहे हैं। बताया कि कुछ ग्राहकों ने तो गीजर आदि के भी आर्डर दिए और इन्हें उनके घरों में फिट करवाने को कहा। इसके अलावा गर्मी बीत जाने के बाद भी लोगों का फ्रिज के प्रति खासा रुझान देखने को मिला।
3 करोड़ का हुआ कपड़े के कारोबार
उन्नाव। फैशन के इस दौर में लोग अन्य सामानों के साथ कपड़ों की खरीदारी करना नहीं भूलते हैं। इस त्योहार में भी लोगों ने कपड़ों की जमकर खरीदारी की। शहर की मुख्य कपड़ा मार्केट धवन रोड में खरीदारों की भारी भीड़ रही। आंकड़ों की मानें तो इस बार जिले में कपड़े का कारोबार लगभग 3 करोड़ का हुआ।
पूजन व खान पान की वस्तुओं की भी हुई खरीदारी
उन्नाव। दीपावली के त्योहार पर पूजन के उपयोग में आने वाली वस्तुएं जैसे खील, चूरा, गट्टा, लइया व खिलौनों आदि की भी बिक्री होती रही। शहर के धवनरोड, स्टेशन रोड, बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा पर रोड किनारे लगी इन सामानों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ दिखाई दी। इसके अलावा मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ रही। कई लोगों ने ड्राई फ्रूट्स को भी प्राथमिकता दी।