मौरावां/उन्नाव। थाना क्षेत्र में लेखपाल की बाइक पंचर हो गई तो बदमाशों ने उसकी पत्नी से दिनदहाड़े असलहे के बल पर जेवर उतरवा लिए। विरोध करने पर तीन-चार तमाचे भी जड़ दिए। आस पास खेतों में काम कर रहे लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो बदमाश असलहे लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर मौके पर हलका चौकी इंचार्ज पहुंचे और पीड़ित को मौरावां थाने लेकर चले आए। एसओ ने दर्जनों बार फोन मिलाने के बाद भी रिसीव नहीं किया। एएसपी ने एसओ को जमकर फटकार लगाई है।
लखनऊ के मलिहाबाद थानाक्षेत्र के नजर नगर निवासी विजय कुमार सिंह मलिहाबाद तहसील में लेखपाल है। बुधवार को विजय अपनी पत्नी अनीता व आठ साल की बेटी आंचल के साथ रायबरेली जिले के बछरावां निवासी बहन के यहां जा रहे थे। मौरावां-रायबरेली मार्ग पर बाइक पंचर हो गई। वह बाइक लेकर हिलौली कसबा लौट रहा था, जबकि पत्नी बेटी के साथ पीछे-पीछे चल रही थी। रास्ते में बख्तौरी खेड़ा गांव के पास एक लाल रंग की बिना नंबर की पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने अनीता को रोक लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे तीन-चार तमाचे मारे और कनपटी में तमंचा लगा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसकी सोने की चेन, झुमकी, मंगलसूत्र और अंगूठी लूट ली। पीड़ित के मुताबिक लूटे गए जेवरों की कीमत एक लाख से अधिक है। कुछ दूरी पर खेत में मौजूद किसानों ने देखा तो शोर मचाते हुए सड़क की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख बदमाश तमंचे लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर हलका इंचार्ज एसआई बाबूराम, सिपाही अशोक और शिवकुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित को मौरावां थाना लेकर गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। मौरावां थानाध्यक्ष रणजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
लूट की घटना के बाद लोगों ने दर्जनों बार एसओ रणजीत सिंह भदौरिया को फोन मिलाया मगर एसओ ने फोन रिसीव नहीं किया। करीब 11 बजे हुई लूट की घटना की दो बजे तक सूचना न देने पर अपर पुलिस अधीक्षक रामकशुन यादव ने एसओ की जमकर क्लास ली। उन्होंने कहा कि अगर समय से सूचना देते तो वायरलेस कर अन्य थानाक्षेत्रों में वाहन चेकिंग कराते तो शायद बदमाश पकड़ में आ जाते। कहा कि एसओ पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है।