नवाबगंज। एक अप्रैल से टोल प्लाजा नवाबगंज मेें प्रयोग्ता शुल्क बढ़ जाने से मंगलवार की रात टोल कर्मियों व वाहन चालकों के बीच बढ़ा किराया शुल्क देने को लेकर जमकर नोक-झोंक हुई। इस दौरान लखनऊ कानपुर राजमार्ग लगभग चार घंटे तक जाम रहा। काफी मशक्कत के बाद करीब तीन किमी लंबे लगे जाम को कर्मचारियों ने खुलवाकर यातायात शुरू कराया। अजगैन थाना पुलिस घटना से अंजान बनी रही। बताया गया कि 20 किमी की परिधि में गैर वाणिज्यिक वाहनों को कैलेंडर माह के अनुसार 215 के स्थान पर 225 रुपये मासिक शुल्क अदा करना होगा।
छोटे वाहनों में 5 रुपये से 10 तक, बड़े वाहनों मेें 15 रुपये से 30 तक बढे़ शुल्क दिए जाने को लेकर बीती रात्रि 12 बजे के बाद वाहन चालकों व टोल कर्मियों ने शुल्क अदा किए जाने को लेकर नोक-झाेंक होने लगी। बढ़ा किराया देने से जब चालकों ने मना कर दिया तो कर्मचारियों ने उन्हें एक अप्रैल से नई दरें लागू किए जाने की बात कही। लेकिन चालकों ने एक नहीं मानी और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान हाईवे पर तीन किमी लंबा जाम लग गया। काफी मशक्कत के बाद टोल मैनेजर व कर्मचारियोें ने लगभग चार घंटे बाद जाम खुलवाकर यातायात शुरू कराया। इतना सब होता रहा और अजगैन व सोहरामऊ पुलिस को घटना से अंजान बनी रही।