सफीपुर। पिता के साथ बाइक से बीएसए कार्यालय आ रहे टीचर हादसे का शिकार हो गया। लोडर की टक्कर के बाद टीचर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पिता ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग गया । पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है।
फतेहपुरचौरासी थाना क्षेत्र के उद्साह निवासी विकास सिंह (30) औरास ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय कोठली में टीचर थे। शुक्रवार सुबह दस बजे वह पिता महेश पाल सिंह (60) के साथ बाइक से बीएसए कार्यालय जा रहे थे। सफीपुर कोतवाली के सफीपुर-मियागंज मार्ग पर भैंसारा गांव के सामने मियागंज की ओर जा रहे लोडर की टक्कर से बाइक स वार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर दोनों को उठाया। इस दौरान विकास सिंह की सांसें थम चुकी थीं। महेश पाल सिंह को स्वास्थ्य केंद्र सफीपुर से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में महेश की भी मौत हो गई। होनहार विकास और महेश की मौत से गांव में शोक की लहर है। जिसने भी खबर सुनी वह जिला अस्पताल पहुंचा। राज्यसभा सदस्य ब्रजेश पाठक ने भी शोक जताया।
महेश और विकास की मौत के बाद घर में कोई दीया जलाने वाला भी नहीं बचा है। महेश की पत्नी कुसुमलता की करीब 25 साल पहले मौत हो गई थी। महेश का बड़ा बेटा दुल्ली सिंह 10 साल पहले बीमारी से चल बसा। घर पर विकास और महेश ही रहते थे। ठंड के कारण छोटी बेटी सुइया कुछ दिन से मायके में ही रह रही थी। दुल्ली सिंह और विकास की शादी नहीं हुई थी।