उन्नाव। जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर और शुक्लागंज में पीएचसी के शिलान्यास के लिए स्वास्थ्य मंत्री के 22 जनवरी को आने की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। जिला अस्पताल में अव्यवस्था दूर करने के प्रयास शुरू हो गए हैं। वहीं जिला अस्पताल में जहां कहीं भी टूट- फूट थी उसे भी दोबारा बनाया जा रहा है।
जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद शिलान्यास के लिए स्वास्थ्य मंत्री की 22 जनवरी को जिले में आने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है ट्रामा सेंटर के शिलान्यास के साथ स्वास्थ्य मंत्री शुक्लागंज में पीएचसी का भी शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास के लिए स्वास्थ्य मंत्री के आने की खबर पर अस्पताल प्रशासन अव्यवस्थाएं दूर करने के लिए उल्टे पैर खड़ा हो गया है। अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था दिन रात एककर दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही जहां कहीं भी निर्माण में कमियां रह गई थी, उन्हें भी पूरा किया जा रहा है।