गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। नशेड़ी चौकीदार की लापरवाही से ब्लाक कार्यालय में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। ब्लाक कार्यालय का ताला खुला देख ठेलिया लेकर पहुंचे तीन चोरों ने 17 टैबलेट, 17 बड़ी बैट्री समेत कई सामान पार कर दिया। ठेलिया पर लोड अधिक हो जोने के कारण निकल रही तेज आवाज से ग्रामीणों की नींद खुली तो उन्होंने पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद दो चोर पकड़ लिए गए। एक फरार होने में सफल रहा। बीडीओ के निर्देश पर तीन चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। बीडीओ बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि चौकीदार के खिलाफ भी जांच होगी।
ब्लाक कार्यालय का चौकीदार शुक्रवार की रात नशे में होने के कारण ताला बंद करना भूल गया था। रात में ठेलिया लेकर चोर पहुंचे और आराम से एक-एक सामान ठेलिया पर रखने लगे। जब ठेलिया फुल हो गई तो चोर चल पड़े। मोहल्ला गढ़ी में खड़ंजा पर ठेलिया से तेज आवाज निकलने लगी तो सोए लोगों की नींद खुल गई। ठेलिया पर महंगे सामान देख लोगों का माथा ठनका। लोगों ने पूछताछ शुरू की तो सामान के बारे में वह संतोषजनक जवाब न दे सके। इसके बाद लोगों ने तीनों चोरों की पिटाई शुरू की। पिटाई के बीच एक चोर भाग निकला। किसी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने दो चोरों को हिरासत में ले लिया और सामान लेकर थाना पहुंची।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम हसीन चिकना पुत्र घूरा निवासी पड़ियाना और तौकीर पुत्र मेहंदी हसन निवासी अंसार मैदान बताया। उन्होंने अपने तीसरे साथी का नाम बासिद पुत्र अली जान बताया।
बीडीओ बृजेश त्रिपाठी के निर्देश पर एनआरपी प्रदीप निगम ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।