उन्नाव। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो जल्द ही जिले की फैक्ट्रियां पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) से चलेंगी। प्रदूषण कम करने के लिए जिले की औद्योगिक इकाइयों को पीएनजी से चलाने की योजना बनाई गई है। 200 से अधिक फैक्ट्रियों के संचालकों ने गैस लेने की सहमति दे दी है। पाइप लाइन बिछाने के लिए जिला प्रशासन की अनुमति मिल चुकी है। प्रदूषण विभाग ने भी एनओसी दे दी है।
शासन ने प्रदेश के 14 जिलों को वैकल्पिक ऊर्जा से लैस करने की शुरुआत की है। इन जिलों में उन्नाव को भी शामिल किया गया है। पहले चरण में पाइप लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। अचलगंज से अकरमपुर तक 16 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। जनपद में 200 से अधिक ऐसी औद्योगिक इकाइयां हैं जो तेल, कोयले व अन्य ईंधन से चलती हैं। इन फैक्ट्रियों के संचालक पीएनजी लेने को तैयार हैं। इन्होंने जिला उद्योग केंद्र को पीएनजी से अपनी फैक्ट्रियों को चलाने की सहमति दे दी है। उधर, जिला प्रशासन से भी पाइप लाइन बिछाने की अनुमति मिल गई है। प्रदूषण विभाग भी एनओसी जारी कर चुका है। सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) पाइप लाइन बिछाएगा।
कम होगा वायु प्रदूषण
नेचुरल गैस से औद्योगिक इकाइयों के संचालित होने से वायु प्रदूषण में काफी हद तक कमी आएगी। जिला प्रदूषण अधिकारी डॉ. रामकरन ने बताया कि इस समय सैकड़ों फैक्ट्रियां तेल, कोयले और अन्य ईंधन से चल रही हैं। इससे वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। मार्च-13 में वायु प्रदूषण मानक से ज्यादा पाया गया था। नेचुरल गैस से फैक्ट्रियों के संचालित होने से चिमनियां जहरीला धुआं फेंकना बंद कर देंगी। इससे वायु प्रदूषण नियंत्रित रहेगा।
इन फैक्ट्रियों ने दी सहमति
मिर्जा टेनरी, सुपर हाउस, रहमान इंडस्ट्रीज, मॉडल, कैलिको, इंडारगो, जेएस, एओबी आदि।
भविष्य में घरों में भी होगी सप्लाई
औद्योगिक इकाइयों तक पीएनजी पहुंचाने के बाद दूसरे चरण में घरों में पहुंचाने की भी योजना है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पहले शहर में इसे शुरू किया जाएगा। मोहल्लेवार सर्वे कराया जाएगा। जिन मोहल्लों के लोग पीएनजी लेने के इच्छुक होंगे, वहां पर पहले पाइप लाइन बिछाई जाएगी। घरों तक पाइप लाइनें पहुंचाकर मीटर लगाया जाएगा।
वन विभाग की एनओसी का इंतजार
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक जेएस यादव ने बताया कि वन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने का इंतजार किया जा रहा है। एनओसी मिलते ही अचलगंज से अकरमपुर तक 16 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कराया जाएगा।