पुरवा (उन्नाव)। पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग पर दर्शनार्थियों से भरी ट्राली पलटने से दंपति समेत तीस लोग घायल हो गए जबकि आठ की हालत गंभीर है। जिनमें से दो महिलाओं समेत चार लोगों को लखनऊ रेफर किया गया है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के अचलखेड़ा गांव के रामशंकर आसपास अन्य गांवों में रहने वाले करीब तीस महिला पुरुष शनिवार को ट्रैक्टर ट्राली से बाराबंकी जिला स्थित रज्जाक बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। दोपहर तीन बजे के करीब ट्रैक्टर-ट्राली पुरवा-मोहन लालगंज मार्ग पर टिकरा गांव के सामने पहुंची थी कि तभी ट्राली का बायां टायर फट गया। इससे तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्राली में सवार करीब तीस लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्राली में दबे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दर्शनार्थियों में अचलखेड़ा पुरवा निवासी रामशंकर (50) और इनकी पत्नी राधारानी (45), श्रीमती (32) पत्नी रमेश कुमार, लोकादेवी (45) पत्नी भगवनादीन, मंगतखेड़ा निवासी बउवा (20), मौरावां के सुक्खा खेड़ा निवासी जमुनादेवी (50) पत्नी छेदीलाल, देवाखेड़ा भगवंत नगर निवासी श्यामादेवी (32) पत्नी रामलाल, बकुली खेड़ा पुरवा निवासी बब्लू (30) की हालत गंभीर है। रामशंकर उनकी पत्नी राधारानी, बउवा और बबली को डाक्टरों ने स्वास्थ्य केंद्र से लखनऊ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।