ट्रैक पर खड़ा गार्ड केबिन बना मुसीबत
उन्नाव। बुधवार को कानपुर से गिट्टी लादकर अजगैन रेलवे यार्ड जा रही मालगाड़ी गार्ड केबिन व डिब्बे का ज्वाइंट टूटने से दो हिस्सों में बंट गई थी। मालगाड़ी तो आगे रवाना हो गई लेकिन गार्ड केबिन गुरुवार को भी ट्रैक पर खड़ी रही। इससे डाउन ट्रैक की ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर 3 व 1 से गुजारा गया।
विभागीय अधिकारी कई घंटे बाद भी समस्या से अनजान बने रहे। गुरुवार शाम करीब 30 घंटे बीतने के बाद भी गार्ड केबिन को ट्रैक नंबर 4 से हटाया नहीं जा सका। इससे डाउन ट्रैक की ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से काशन पर गुजारा गया। जिम्मेदारों की हीलाहवाली रेल संचालन विभाग के लिए सिरदर्द बनी रही।
स्टेशन अधीक्षक विश्राम सिंह ने बताया कि उन्नाव-अजगैन रेलमार्ग के बीच मेंटीनेंस कार्य होना है। इसके लिए मालगाड़ी से गिट्टी गिराई जा रही है। इससे गार्ड केबिन को प्लेटफार्म पर छोड़ दिया गया। स्टेशन पर कई प्लेटफार्म होने से रेल संचालन प्रभावित नहीं हुआ। डाउन ट्र्रैक की ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर 3 व 1 से पास कराया गया।
- डाउन ट्र्रैक की ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर 3 व 1 से पास कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो