शहर के जीजीआईसी परीक्षा केंद्र से बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। दो पॉलियों में हुई बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में 63 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सैनिटाइज व थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद परीक्षार्थियों को कक्षाओं में भेजा गया। परीक्षा की निगरानी के लिए कक्षाओं में स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा एडीएम, डीआईओएस व डिप्टी नोडल अधिकारी परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए शहर में जीजीआईसी व केंद्रीय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। जीजीआईसी परीक्षा केंद्र में पंजीकृत 500 परीक्षार्थियों में 38 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में 462 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं केंद्रीय विद्यालय में पंजीकृत 218 परीक्षार्थियों में 25 ने परीक्षा छोड़ दी। 193 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। दोनाें परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। कक्षाओं में कक्ष निरीक्षकों के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट सीसीटीवी से परीक्षा की निगरानी कर रहे थे।
डीआईओएस राकेश कुमार व डिप्टी नोडल अधिकारी विपिन सिंह ने दोनों परीक्षा केंद्रों पर जाकर जायजा लिया। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले उन्हें सैनिटाइज कराया गया। बाद में थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद उन्हें कक्षाओं में जाने दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर कोविड छात्राें के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी लेकिन दोनों परीक्षा केंद्रों पर कोई भी कोरोना संक्रमित परीक्षार्थी नहीं पहुंचा। वहीं परीक्षा कराए आने अधिकारियों व कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया।
नोडल अधिकारी विपिन सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराई गई। कहीं भी कोई नकलची या कोरोना संक्रमित परीक्षार्थी नहीं मिला।