शिविर में 57 दिव्यांगजनों का किया गया पंजीकरण
-सहायता उपकरण जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। नवाबगंज क्षेत्र पंचायत सभागार में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 57 लोगों ने प्रारंभिक परीक्षण और पंजीकरण कराया।
सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) श्रीकांत मिश्रा व दिव्यांग विभाग के कर्मियों में लक्ष्मण त्रिपाठी व मंजू के नेतृत्व में 57 दिव्यांगों का पंजीकरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता अनुसार ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर में पहुंचे दिव्यांगों की समस्याएं भी सुनी गईं और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इन सहायक उपकरणों के मिलने से क्षेत्र के दिव्यांगों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी सहायता मिलेगी।