फोटो-29-कुत्तों का इलाज करने पहुंचे पशु चिकित्सक डाॅ. मनोज कुमार। संवाद
- पशु चिकित्सक ने गांव पहुंचकर इलाज का प्रयास किया
-पहुंचने से पहले आठ की मौत, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर (उन्नाव)। आसीवन के कनिगांव में कीटनाशक खाने से नौ कुत्तों की हालत बिगड़ने लगी। सूचना पर पशु चिकित्सक पहुंचे लेकिन तब तक आठ कुत्तों की मौत हो चुकी थी। एक कुत्ते की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कनिगांव में बुधवार रात अज्ञात लोगों ने गांव के कुत्तों को कीटनाशक दवा खिला दी। इससे कुत्तों की हालत बिगड़ने लगी। एक साथ कई कुत्तों की हालत खराब देख ग्रामीण बलराम सिंह ने पीआरवी के साथ प्रधान प्रतिनिधि वेद चौरसिया को भी सूचना दी। प्रधान प्रतिनिधि ने तत्काल पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज सिंह को बुलाया लेकिन तब तक आठ कुत्तों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक गंभीर अवस्था में मिले कुत्ते का इलाज किया लेकिन उसकी भी मौत हो गई। कुल नौ कुत्तों की मौतों की सूचना पर पुलिस ने जांच की। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज सिंह बताया कि कीटनाशक अधिक प्रभावशाली था इस वजह से मौत हो गई है। ग्रामीण कहेंगे तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा।