उन्नाव। शहर के बाबूगंज में खाली पड़ी सरकारी भूमि पर नगर पालिका अमृत योजना के तहत पार्क का निर्माण कराएगी। जिसमें बच्चों के खेलने के लिए स्थान, झूले, बड़ों के टहलने के लिए विशेष ट्रैक व फाउंटेन मौजूद रहेगा। मार्निंग वाक के लिए सड़क पर दौड़ लगाने से छुटकारा मिल जाएगा।
अमृत योजना के तहत शहर के पन्नालाल पार्क, निराला पार्क व आवास विकास स्थित
चंद्रशेखर पार्क का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके अलावा नगर पालिका के अधिकारी
उन स्थानों का भी चयन कर रहे हैं जहां नए पार्क बनाए जा सके। इसी कड़ी में नगर
पालिका ने हरदोई ओवरब्रिज के निकट बाबूगंज में मुख्य सड़क के किनारे खाली पड़ी
लगभग दस बिसुआ जमीन पार्क के लिए चिह्नित की है। अधिशासी अधिकारी रामपूजन
श्रीवास्तव ने बताया कि पार्क सुरक्षित रहे इसके लिए उसमें बाउंड्री कराई जाएगी। पार्क में
बच्चों के लिए विशेष झूले, बड़ों के टहलने के लिए जागिंग ट्रैक बनवाया जाएगा। पार्क की
सुंदरता बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रानिक फाउंटेन, आकर्षक झाड़ियां व पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि डीपीआर तैयार कर ली गई है। शासन से बजट अवमुक्त होते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा शहर के कुछ अन्य स्थानों पर भी नए पार्क का निर्माण होगा।
भूमि से हटाया जाएगा अतिक्रमण
पार्क के लिए नगर पालिका ने जिस भूमि का चयन किया है उस पर अभी अतिक्रमण है।
शासन से बजट स्वीकृत होते ही अतिक्रमण को हटाने की कवायद शुरू होगी। पार्क के
लिए चिह्नित भूमि के निकट ही एक प्राइवेट बस स्टैंड भी संचालित होता है। इसे भी
हटवाया जाएगा।
-बच्चों के खेलने का होगा स्थान, फाउंटेन व पेड़ों से बढ़ेगी सुंदरता