भुगतान में देरी पर खाता धारकों ने किया हंगामा
उन्नाव। दो दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को डाकघर खुलते ही उपभोक्ताओं की भीड़ जुट गई। भुगतान में देरी होने पर खाताधारकों ने हंगामा किया। इस बीच किसी ग्राहक ने कानपुर मुख्यालय में शिकायत कर दी। मुख्यालय से निर्देश मिलते ही डाककर्मी हरकत में आ गए। इसके बाद आनन- फानन में व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं।
कचहरी स्थित मुख्य डाकघर में मंगलवार को एमआईएस व बचत करने वाले खाताधारकों की भीड़ रही। सुबह 11:30 बजे तक लाइन में लगने के बाद भी भुगतान न मिलने पर खाताधारक आक्रोशित हो गए। यह हंगामा करने लगे। इसके बाद कुछ खाताधारक डाकघर अधीक्षक के पास पहुंचे। इन्होंने शिकायत दर्ज कराई। अधीक्षक ने जल्द भुगतान शुरू होने का आश्वासन देकर वापस कर दिया।
इसके बाद खाताधारक फिर लाइन में खडे़ हो गए। काफी इंतजार करने के बाद भी जब भुगतान मिलना शुरू नहीं हुआ यह दोबारा हंगामा होने लगा। इसी बीच खाताधारक आशुतोष सिन्हा ने कानपुर के मुख्य डाकपाल से मामले की शिकायत कर दी। डाकपाल ने तत्काल डाकखाने में बात कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। भुगतान में देरी की वजह के बारे में डाकघर अधीक्षक ने कुछ भी कहने से मना कर दिया।
- मुख्य डाकघर में मंगलवार को काफी देर तक भुगतान प्रक्रिया रही बाधित, एक ग्राहक ने मुख्य डाकघर कानपुर में की शिकायत तो हरकत में आए कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो