उन्नाव। बिजली विभाग के लिए आसान किस्त योजना ने काफी फायदेमंद साबित हो रही है। योजना ने विभाग की झोली भर दी है। योजना के सहयोग से विभाग अब तक लगभग 29 करोड़ बकाये की वसूली कर चुका है। 31 दिसंबर तक 43 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य है।
नवंबर माह में बिजली विभाग ने बड़े बकायेदारों को किस्तों में बिल जमा करने की सुविधा दी थी। इसके लिए आसान किस्त योजना शुरू की गई थी। योजना में उन घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गई है जिन्होंने विभाग से चार किलोवाट तक का विद्युत संयोजन (कनेक्शन) ले रखा है। चार किलोवाट तक के घरेलू ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के 31 अक्तूबर 2019 तक की बकाया धनराशि के भुगतान के लिए आसान किस्तों की सहूलियत दी जा रही है। ग्रामीण उपभोक्ताओं को 24 मासिक किस्तों और शहरी उपभोक्ताओं को 12 किस्तों में बिल जमा करने की सुविधा मिल रही है। इस योजना से विभाग को बकाया वसूलने में काफी मदद की। डेढ़ माह में विभाग ने योजना के साथ-साथ मासिक वसूली में काफी प्रगति की है। अब तक विभाग 29 करोड़ की वसूली कर चुका है। इसमें आसान किस्त योजना के साथ मासिक वसूली का लक्ष्य भी शामिल है। 31 दिसंबर तक विभाग को 43 करोड़ रुपये वसूलने हैं।
आसान किस्त योजना 31 दिसंबर तक लागू रहेगी। इस समयावधि में यदि कोई उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन कराता है तो उसे योजना का लाभ मिल सकेगा। रजिस्ट्रेशन के लिए उपभोक्ता को कुल मूल बकाये का 5 प्रतिशत अथवा 1500 रुपये जमा करके रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
31 दिसंबर तक विभाग को 43 करोड़ की बकाया वसूली करनी है। अब तक 29 करोड़ से अधिक की वसूली हो चुकी है। इसमें आसान किस्त योजना में जमा हुआ राजस्व भी शामिल है। निर्धारित तिथि तक हर हाल में लक्ष्य की वसूली की जाएगी।
एके सिंह, अधीक्षण अभियंता उन्नाव।
वितरणखंडवार वसूली
विद्युत वितरण खंड प्रथम-12.43 करोड़
विद्युत वितरण खंड द्वितीय-9.57 करोड़
पुरवा-2.46 करोड़
बांगरमऊ-1.92 करोड़
हसनगंज-2.39 करोड़
कुल-28.77 करोड़