उन्नाव। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर जलभराव से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। रविवार शाम पांच बजे से सोमवार दोपहर तीन बजे तक 22 घंटे में 26.6 किमी बारिश हुई। इससे पहले रविवार सुबह से शाम तक आठ घंटे तक 16 मिमी बारिश हुई थी।
लगातार बारिश से अधिकतम तापमान 28 से 26.6 और न्यूनतम पारा 26 से 24.2 पर पहुंच गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि आगामी पांच दिनों तक हल्के बादल छाए रहेंगे। छह अगस्त तक तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है।
लगातार हुई बारिश से सीएचसी परिसर में पानी भर गया। वहीं ब्लाक रोड जाने वाली सीसी मार्ग पर जलभराव होने से लोगों को मंझाकर निकलना पड़ा। इसके अलावा खाद्य एवं रसद विभाग कार्यालय परिसर में भी जलभराव रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू गुप्ता ने बताया कि नालियों का निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का निस्तारण कराया जा रहा है।
कस्बा बिहार के मोहल्ला जानकीगंज में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बरसात के मौसम में बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं रहा। दो दिन की बारिश में केंद्र के चारों ओर जलभराव हो गया। शीतला गुप्ता, रजोली मिश्रा, सूरज सिंह, अजय, शिबू खान, अर्पित सिंह, मनू सिंह आदि ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति इतनी खराब है कि हल्की बारिश के बाद से ही केंद्र तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। भवन भी जर्जर है। बारिश में छत से लगातार पानी टपकता है।
वहीं बिहार-बक्सर मुख्य मार्ग से होकर भटखेरवा गांव तक जाने वाली नहर पटरी पर बने खड़ंजा मार्ग पर बारिश के चलते खरपतवार और झाड़ियां उग आई हैं। इससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग से गांव तक पहुंचना अब किसी जोखिम से कम नहीं है। खासतौर पर रात के अंधेरे में इस रास्ते से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा है। क्षेत्र के राजेश कुमार, संजू, लल्लू आदि ने सफाई कराए जाने की मांग की।
-
सड़क पर गिरा बरगद का पेड़, आवागमन बाधित
नवाबगंज/औरास (उन्नाव)। लगातार बारिश से जैतीपुर मार्ग पर रामपुर गांव के बाहर खड़ा बरगद का पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि यह घटना रात में हुई। इससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस दौरान जैतीपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। प्रधान प्रतिनिधि संकेत व समाजसेवी अनीस ने श्रमिकों को लगाकर पेड़ को रास्ते से हटवाया। इससे करीब तीन घंटे बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। वहीं औरास चौराहे पर एक बरगद का पेड़ पास में बनी सरकारी कालोनी की दुकानों पर गिर गया। आसपास बने मकान मालिकों में अफरातफरी मच गई। पेड़ गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई। बरगद के पेड़ को हटाने के लिए दुकानदारों व आसपास के लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी । दोपहर तीन बजे तक वन विभाग का कोई कर्मचारी पेड़ को हटाने नही पहुंचा था।
बारिश से शहर और गंजमुरादाबाद में रहा बिजली संकट
उन्नाव/गंजमुरादाबाद। बारिश से शहर और गंजमुरादाबाद क्षेत्र में बिजली संकट रहा। शहर में कब्बाखेड़ा उपकेंद्र की लाइन में फाल्ट आ जाने से सिविल लाइन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुबह 11 बजे से एक बजे तक बाधित रही। इसके अलावा पीडीनगर, कासिमनगर, सिटी पावर हाउस, आवास विकास कालोनी आदि की बिजली भी आती जाती रही। गंजमुरादाबाद में सोमवार तड़के चार बजे ही बारिश के दौरान लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के नजदीक फाल्ट से बिजली ठप हो गई।
कर्मचारी फाल्ट को खोजकर ठीक कर पाते उससे पहले ही रोस्टिंग हो गई। रोस्टिंग खत्म होने के बाद दोपहर 12:30 बजे बिजली आई। बिजली 1:45 बजे तक रही। इसके बाद फिर रोस्टिंग हो गई। शाम छह बजे तक बिजली नहीं आ सकी। बिजली न आने से सुबह और शाम की पेयजलापूर्ति नहीं हो सकी। जेई कमलेश कुमार ने बताया कि रोस्टिंग लखनऊ से की जाती है। यहां होने वाले फाल्टों को जल्द ठीक करने के प्रयास किए जाते हैं, लेकिन बारिश बाधक बन जाती है।
बिजली गिरने से टावर मशीन फुंकी, नेटवर्क बाधित
हसनगंज। ब्लाक क्षेत्र के नई सराय गांव स्थित एटीसी टावर पर रविवार रात बिजली गिरी। इससे टावर की मशीन जल गई। इसके चलते नेटवर्क बाधित हो गया। टावर कर्मी सुनील कुमार ने बताया कि टावर मशीन फुंकने से नेटवर्किंग में दिक्कत आई। अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। जल्द ही इंटरनेट सेवा बहाल हो जाएगी।
तहसीलवार हुई बारिश
तहसील-बारिश (मिमी में)
सदर-12
सफीपुर-27
बीघापुर-27
बांगरमऊ-17
हसनगंज-56
पुरवा-21
औसत-26.66