उन्नाव। ऑनलाइन समीक्षा बैठक में न जुड़ने पर 25 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों का वेतन एक दिन का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही सभी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
25 अक्तूबर को डीपीआरओ शाश्वत आनंद सिंह ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं सभी सचिवों को आवंटित ग्राम पंचायतों के मिनी सचिवालयों से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में जुड़कर ऑनलाइन समीक्षा बैठक में प्रतिभाग करने के आदेश दिए थे। इस ऑनलाइन बैठक में जनसेवा केंद्र स्थापना, अंत्येष्टि स्थल व पंचायत भवन निर्माण, मॉडल ग्राम पंचायत, व्यक्तिगत शौचालय, विद्युतीकरण आदि की समीक्षा की जानी थी। 25 सचिव बैठक में शामिल नहीं हुए।
इसे गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने एक दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया।
जिनका वेतन रोका गया है उनमें अमरेश कुमार, समीर तिवारी, आकाश वर्मा, गुड्डू श्रीवास्तव, हेमंत चक्रवर्ती, जगन्नाथ मिश्रा, दीपांशु, मुन्नीलाल, पूनम, आलोक अवस्थी, विनयराज पाल, अभिषेक वर्मा, दिलीप मिश्रा, कविता गौतम, रमेश सिंह, राजप्रकाश मौर्या, शशांक यादव, संजीव यादव, गंगाबक्स, गरिमा शुक्ला, जयकांत मिश्रा,, प्रद्मुम्न प्रजापति, सकुशल सिंह, नेहा विश्वकर्मा व रणंजय सिंह शामिल हैं। (संवाद)