बिना बायोमीट्रिक राशन वितरण पर कार्रवाई
उन्नाव। ई-पॉस मशीन (आधार से बायोमीट्रिक वितरण) से राशन वितरण न करने वाले दो कोटेदारों की सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली गई। वहीं एक दर्जन से अधिक कोटेदारों को नोटिस जारी किया गया है।
शासन के आदेश पर जुलाई से प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में कोटे की दुकानों में ई-पॉस मशीनों से राशन वितरण शुरू कराया गया है। जनपद में तीन नगर पालिका व 15 नगर पंचायतें हैं। इनमें कुल 183 राशन की दुकानें हैं। इन सभी दुकानों पर ई-पॉस (प्वाइंट आफ सेल) मशीनें लगा दी गई हैं। कोटेदारों को ई-पॉस मशीन के जरिए राशन वितरण के निर्देश दिए गए हैं।
फरमान न मानने पर कोटेदार रामकुमार विमल और गंगाघाट के गंगानारायण की सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली गई। वहीं शहर के मयंक गुप्ता, रामेश्वर, मो. युनूस, दिनेशचंद्र, मुमताज, रविशंकर, अंजू विमल, विजयलक्ष्मी, राधाकृष्ण, उदयशंकर तिवारी, हैदराबाद नगर पंचायत की नीतू, बांगरमऊ के अवधेश कुमार, मौरावां के अमरदीप को नोटिस जारी किया गया है।
- दो कोटेदारों की सिक्योरिटी जब्त, 13 अन्य कोटेदारों को नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो