पांच माह पूर्व 21 करोड़ की लागत से बना पांच किमी लंबा परियर-बिठूर गंगापुल मार्ग खस्ताहाल हो गया। परियर-बिठूर गंगापुल मार्ग के निर्माण में धांधली इस तरह बरती गई कि गड्ढों के कारण वाहन तो दूर पैदल निकलना भी दूभर है। डेढ़ दर्जन से ज्यादा इस सड़क पर संपर्क मार्ग के ग्रामीणों ने बताया कि गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलो. का चक्कर लगाना पड़ता है।
पांच महीने पहले बनकर तैयार हुए पांच किमी लंबे परियर-बिठूर गंगापुल मार्ग के निर्माण में बरती गई अनियमितता खुलकर सामने आ गई है। जैसे-जैसे इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन बढ़ रहा है। सड़क खोखली हो रही है। कई परियर गांव से आगे कई स्थानों पर सड़क की साइड पटरी बहने से सड़क सुरंगनुमा हो गई है। यह सुरंग भी इतनी चौड़ी कि कोई आराम से भीतर तक चला जाए। कानपुर से उन्नाव, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी व इसी रूट के अन्य जिलों को जाने वाले तमाम वाहन इसी मार्ग से निकलने लगे हैं। जैसे-जैसे वाहनों का आागमन बढ़ रहा है। सड़क की हालत बिगड़ती जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार बिठूर पुल की इस पांच किमी लंबी एप्रोच रोड के निर्माण में न तो सही तरीके से हैमरिंग की गई और न सड़क के दोनों ओर बाइंडिग। इसी का नतीजा है कि यहां की बलु्ई मिट्टी बरसात और वाहनों की धमक से धंस गई।
24 जून को हुआ था लोकार्पण
नवनिर्मित परियर-बिठूर मर्ग व गंगानदी पर बने पुल का लोकार्पण 24 जून को तत्कालीन लोक निर्माण विभाग मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने किया था। इस पुल के बनने से लोगो को कानपुर-उन्नाव की दूरी काफी कम हो गई।
कार्तिक मेले में मुसीबत न बनेंगे गड्ढे
14 नवंबर को परियर घाट पर कार्तिक मेंला लगेगा। इस मेले में उन्नाव, कानपुर के अलावा दूरदराज के अन्य तमाम जिलों से लोग गंगा स्नान के लिए आते हैं। श्रद्धालु टैक्टर, बाइक, साइकिल व अन्य चार पहिया वाहनों पूर्णिमा से एक दिन पहले ही रात में पहुंचकर यहीं विश्राम करते और तड़के गंगा स्नान करते हैं। भीड़ जुटने से पूर्णिमा के दिन हादसे का खतरा बना है। उधर, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अजय कुमार ने बताया कि उन्हे उन्नाव में कार्यभार ग्रहण किए अभी दो महीने ही हुए हैं। अभी ऐसी कोई सूचना नहीं है। जांच कराई जाएगी अगर ऐसा होगा तो तत्काल मरम्मत कराई जाएगी।