गदनखेड़ा चौराहा पर पकड़े गए ट्रक में लदी भैंसें।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गदनखेड़ा चौराहे के पास पुलिस ने मवेशियों से भरे ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है। ट्रक से 21 गोवंशियों मवेशियों को मुक्त करा स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में दिया गया है।
मंगलवार शाम सदर कोतवाली के ललऊखेड़ा चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने मुखबिर की सूचना पर अपनी टीम के साथ गदनखेड़ा चौराहा पर मवेशियों से भरे मध्यप्रदेश रजिस्ट्रेशन नंबर के ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में 21 भैंस भरी मिली।
मौके से ट्रक के चालक चित्रकूट के कर्वी थाना क्षेत्र के मारकुंडी गांव निवासी अशरफ अली व क्लीनर बहराइच के राजा बाउंडी थाना क्षेत्र के साईं गांव निवासी शिवशंकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों ने बताया कि वह एक व्यापारी की भैंस लेकर दही चौकी स्थित स्लाटर हाउस जा रहे थे। चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि चालक मवेशी से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सके। जिस पर दोनों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है। ट्रक को सीज किया गया है।