उन्नाव। जिले को एनेस्थेटिस्ट व बाल रोग विशेषज्ञ समेत चार नए डाक्टर मिले हैं। इन डाक्टरों को उन सीएचसी में भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आठ नए और डॉक्टर मिलेंगे। जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा किया जा सकेगा।
नियमानुसार हर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सर्जन, फिजीशियन, गायनकोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट होने चाहिए। हालांकि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से सीएचसी में संविदा पर तैनात एमबीबीएस चिकित्सक ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मानक के अनुसार कहीं भी विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात नहीं हैं। इससे मरीजों को फौरी आराम तो मिल जाता है लेकिन रोग का स्थाई उपचार नहीं हो पाता। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी लगातार शासन को पत्र लिख रहे थे।
इस दौरान जिले से पीजी के लिए गए चार चिकित्सकों को अपनी सेवाएं देने के लिए वापस जिला भेज दिया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार बाल रोग विशेषज्ञ डा. मुशीर अहमद, एनेस्थेटिस्ट डा. विक्रम कटियार, डा. रजनीश यादव और डा. विनोद सोनकर को अलग अलग सीएचसी में तैनाती दी गई है। सीएमओ डा. लालता प्रसाद ने बताया कि पीजी कोर्स पूरा करने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सक के तौर पर तैनाती दी गई है। जल्द ही आठ नए डाक्टर भी मिलेंगे।
-सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती
- जल्द मिलेंगे 8 और विशेषज्ञ डॉक्टर