उन्नाव। शहर के आठ केंद्रों पर राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित हुई। तीन घंटे की परीक्षा में 1981 छात्र शामिल हुए। 428 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। निर्धारित सचल दलों ने केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की हकीकत देखी। परीक्षा में सफल छात्रों को 1000 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति मिलेगी।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति का मुख्य लाभ कक्षा आठ पास कर कक्षा नौ में जाने वाले छात्रों को मिलता है। इन छात्रों को कक्षा 12 तक एक हजार रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति दी जाती है। रविवार को हुई परीक्षा के लिए जिले के 2409 छात्रों ने आवेदन किया था। रविवार सुबह 10 बजे से हुई परीक्षा में जीजीआईसी में पंजीकृत 480 के सापेक्ष 391 छात्रों ने परीक्षा दी। 89 छात्रों ने पेपर छोड़ दिया। जीआईसी में 240 के सापेक्ष 196 छात्र परीक्षा में बैठे जबकि 44 अनुपस्थित रहे।
अटल बिहारी इंटर कॉलेज में 489 के सापेक्ष 398 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 91 छात्रों ने परीक्षा नहीं दी। श्यामकुमारी सेठ बालिका इंटर कॉलेज में 240 के सापेक्ष 203 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार रानीशंकर सहाय बालिका इंटर कॉलेज में 240 में 193, राजाशंकर सहाय इंटर कॉलेज में 240 में 202, डॉ. जीनाथजी दयाल बालिका इंटर कॉलेज में 240 में 205 और रानीलक्ष्मीबाई बालिका इंटर कॉलेज में पंजीकृत 240 में 193 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। प्रभारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में सचल दल ने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।