उन्नाव/सोनिक। जिला कृषि अधिकारी ने दही पुलिस के साथ चांदपुर गांव में टिनशेड से बने गोदाम में नकली इफ्को खाद बनाने के कारोबार का भडाफोड़ किया है। 50 रुपये की नकली खाद को इफ्को की बोरियों में सिलाई करके असली के दाम 1350 रुपये प्रति बोरी सप्लाई की जा रही थी। जांच टीम ने 234 बोरी नकली खाद व उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस ने दो लोडर चालक और छह मजदूरों को पकड़ा है, जबकि संचालक भाग निकला।
शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे जिला कृषि अधिकारी शशांक कुमार ने दही थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह के साथ चांदपुर गांव में टिन शेड से गोदाम में छापा मारा। यहां पर सफेद बिना नाम बोरियों में रखी खाद को इफ्को डीएपी लिखी बोरियों में भरने और मशीन से बोरियों की सिलाई करने के बाद लोडरों में लादा जा रहा था। मौके पर दो लोडर, दोनों चालक और छह मजदूर मिले। अधिकारियों और पुलिस के पहुंचते ही अफरातफरी मच गई।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में चालक और मजदूर सही जानकारी नहीं दे सके हैं। गोदाम मालिक का भी नाम नहीं बताया है। चालकों ने बोरियों की जानकारी से भी इन्कार किया। टीम ने यहां मिली 234 बोरी नकली खाद के अलावा भारी मात्रा में खाली बोरियां भी मिली हैं।
शनिवार देर शाम डीएम की अनुमति पर अजगैन निवासी लोडर चालक बृजेश कुमार, नवाबगंज के बरदही निवासी राजेंद्र लोधी के अलावा यहां काम कर रहे श्रमिक प्रिंस राजपूत गांधीनगर नवाबगंज, राजकुमार उर्फ कल्लू चौरसिया, अभिराज कुशवाहा, राजेश लोधी अजगैन, शिवम वर्मा, राजेश लोधी और रोहित बारी नवाबगंज के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डीएम ने बताया कि गहनता से जांच करा कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
50 रुपये की नकली खाद 1350 रुपये में बेच रहे
सूत्रों के अनुसार चमड़े की कतरन को सड़ाकर उसमें रेत मिलाकर नकली खाद के दाने तैयार किए जाते हैं। जिले में कई स्थानों पर जैविक खाद बनाने के नाम पर यह गोरखधंधा हो रहा है। करीब 50 रुपये में मिलने वाली पचास किलो की नकली खाद को ब्रांडेड कंपनियों की बोरियों में भरकर असली के दाम पर बेचा जाता है। सूत्रों के अनुसार नकली खाद बनाने के अवैध कारोबार में लिप्त संचालक कन्हई खेड़ा के पास किसी गांव में रहता है। कई अन्य स्थानों पर भी इसी कारोबार का संचालन कर रहा है। नकली खाद को जिस इफ्को ब्रांड की बोरियों में भरकर बेचा जा रहा था उसकी बाजार एक बोरी की कीमत 1350 रुपये है।
गोदाम में सील कर रखवाईं गईं बोरियां
जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक, बोरियों को सील करके वहीं पर रखवा दिया गया है। सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। प्रथमदृष्टया दूर से देखने पर डीएपी जैसे मटमैले रंग के दाने नजर आ रहे थे। अब यह डीएपी है या कुछ और, इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। गोदाम किसका है, इसकी जानकारी भी कराई जा रही है। वहीं लोडर भगवंतपुर के बउवा साहू के होने की जानकारी मिली है। इसकी भी जांच कराई जा रही है।
गोदाम में मिली सिलने की मशीन व सिलाई धागा
जांच के दौरान गोदाम में बोरियां सिलने की मशीन, सिलाई धागा भी मिला। मौके पर खाली बोरियां भी थीं। कुल 232 बोरियों में लोडरों में एक में 50 व दूसरे में 40 और गोदाम में 144 रखी थीं। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि बोरियां व खाद कहां से लाकर पैकिंग करके कहां बेचने की तैयारी की जा रही थी।