उन्नाव। जिले के पांच सौ बड़े बकाएदारों पर जल्द ही एफआईआर दर्ज हो सकती है। पावर कारपोरेशन ने 50 हजार से ऊपर के बड़े बकाएदारों का चिह्नांकन कर सूचा स्थानीय अफसरों को भेज दी है। निर्देश दिए हैं कि लंबे समय से बिजली का बिल जमा न करने वाले इन उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने के साथ ही एफआईआर दर्ज कराएं।
जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था पांच खंडों के माध्यम से संचालित होती है। विभाग ने शहर, पुरवा, हसनगंज, बांगरमऊ व मगरवारा गोकुलबाबा में कार्यालय खोल रखे हैं। इन पांचों खंडों में करीब 500 ऐसे उपभोक्ताओं (प्रत्येक खंड से 100 उपभोक्ता) को चिंह्ति किया गया है, जिन पर 50 हजार से अधिक का बिजली बिल बकाया है। इन उपभोक्ताओं में घरेलू, कामर्शियल, ट्यूबवेल व औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। लंबे समय से बिल जमा न करने के कारण उपभोक्ताओं पर वर्तमान समय में करीब ढाई करोड़ की बकाएदारी है।
इनमें से कई की बकाएदारी तो एक से दो लाख के बीच भी है। कई बार बकाएदारों को चेतावनी भी दी जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी बकाया जमा नहीं हो पाया है। अब पावर कारपोरेशन स्तर से इन बकाएदारों पर शिकंजा कसने की तैयारी की गई है। मुख्यालय के अफसरों ने 100 बड़े बकाएदारों की छंटनी करके उनकी सूची स्थानीय अधिशासी अभियंताओं को भेज दी है।
पावर कारपोेरेशन की ओर से सख्त आदेश दिए हैं कि पहले इनके बिजली कनेक्शन काटे जाएं। उसके बाद एफआईआर दर्ज कराई जाए। यह भी चेतावनी दी है कि जो भी अधिकारी इसमें लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता प्रथम आरके कृष्णानी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यालय से हर वितरण खंड को 50 हजार रुपये से ऊपर के 100 बकाएदारों की सूची मिली है। उनके कनेक्शन काटने के आदेश एसडीओ व जेई को दिए जा चुके हैं। कनेक्शन काटने के बाद आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।