मानदेय न मिलने से तीन घंटे खड़ी रखीं एंबुलेंस
उन्नाव। तीन माह से मानदेय न मिलने से परेशान 108 व 102 एंबुलेंस के चालक मंगलवार शाम हड़ताल पर चले गए। चालकों के हड़ताल पर जाने की जानकारी मिलते ही अधिकारियाें के हाथ पांव फूल गए। बुधवार दोपहर तक मानदेय देने के आश्वासन के बाद चालकों ने हड़ताल खत्म कर दी। इस दौरान तीन घंटे तक एंबुलेंस सेवा बाधित रही।
प्रदेश में 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति सुधर नहीं रही है। एक माह पूर्व डीजल को लेकर हुआ बवाल अभी तक शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार रात मानदेय न मिलने से चालकों ने एंबुलेंस खड़ी कर दी। 108 व 102 एंबुलेंस चालकों का कहना था कि उन्हें तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। दीवाली के त्योहार से पहले मानदेय मिलने के आसार नहीं दिख रहे। मानदेय न मिलने तक वह एंबुलेंस नहीं चलाएंगे। मंगलवार रात एंबुलेंस चालकों की हड़ताल करने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।
जिले में एंबुलेंस सेवा का काम देख रहे अधिकारियों ने चालकों से वार्ता कर मामले का हल निकालने का आश्वासन दिया। इसके बाद देर रात चालक काम पर लौट आए। एंबुलेंस सेवा के प्रभारी विराट विक्रम ने बताया कि सभी चालकों से बात कर ली गई है। बुधवार दोपहर तक मानदेय मिल जाएगा। उधर चालकों के हड़ताल पर चले जाने से तीन घंटे तक मरीजों को परेशान होना पड़ा।
- 108 व 102 एंबुलेंस चालकों को तीन माह से नहीं मिला मानदेय, अधिकारियों के आश्वासन पर तीन घंटे बाद काम पर लौटे चालक
अमर उजाला ब्यूरो