दुर्लभ खनिज भंडारों की खोज में प्रदेश को कई अहम उपलब्धियां हासिल हुई हैं। कुछ दिन पहले सोनभद्र में एक स्वर्ण भंडार मिला था।
अब ललितपुर में दूसरे स्वर्ण भंडार की पुष्टि हो गई है। चित्रकूट में पोटाश और झांसी में एस्बेस्टस का भंडार पाया गया है।
भूतत्व एवं खनन राज्यमंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने बताया कि ललितपुर में 200 करोड़ रुपये का स्वर्ण भंडार मिला है। इसके पहले सोनभद्र में 7.5 करोड़ का स्वर्ण ब्लाक मिला था।
इसके अलावा सोनभद्र में सिलेमिनाइट नाम का खनिज पदार्थ पाया गया है जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4000 करोड़ रुपये है।
चित्रकूट में 50 मिलियन टन पोटाश का ब्लाक पाया गया है जिसकी अनुमानित कीमत 1500 करोड़ रुपये है। झांसी में एस्बेस्टस खनिज का भंडार पहचाना गया है।
0.3 मिलियन टन के इस भंडार की बाजार कीमत 1200 करोड़ रुपये होगी। राज्यमंत्री ने कहा कि इन खनिज पदार्थों के भंडार की खोज सपा सरकार की एक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पोटाश का भंडार पाए जाने से किसानों को फायदा होगा।