भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की विजय शंखनाद रैली में मौजूद लोगों से कहीं ज्यादा इंटरनेट पर लाइव भाषण देखा और सुना गया। मोदी के 30 मिनट के भाषण को इंटरनेट पर 2 लाख लोगों ने हिट किया।
इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए भाजपा आईटी प्रकोष्ठ ने रैली के दौरान ही मोदी के फोटो और भाषण को लाखों लोगों तक शेयर किया। 85 लैपटॉप और 9 कैमरों के जरिए आईटी प्रकोष्ठ ने लोगो के मोबाइल और लैपटॉप पर मोदी को लाइव दिखाया।
नरेंद्र मोदी की आगरा रैली को भाजपा के इंटरनेट पर चल रहे युवा टीवी पर 2 लाख लोगों ने लाइव देखा। सोशल मीडिया के जरिए लाखों लोगों के फेसबुक, व्हाट्सएप्प और टिवटर पर भी रैली शुरू होते ही भाषण के पोस्ट पहुंचते रहे।
आईटी टीम के 85 लैपटॉप में अधिकांश यूपी सरकार द्वारा बांटे गए लैपटॉप ही थे, जिनसे देश-विदेश में संपर्क बना रहा। आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष करुणेश शर्मा ने बताया कि कानपुर में 25, झांसी में 38, बहराइच में 60 और आगरा में सबसे ज्यादा 85 लैपटॉप का प्रयोग किया गया।
इसरो के पूर्व वैज्ञानिक भी हैं आईटी टीम में
भाजपा आईटी प्रकोष्ठ टीम में सैकड़ों की संख्या में बीटेक, एमटेक तो हैं ही, इसरो जैसे अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के वैज्ञानिक संगठन के पूर्व वैज्ञानिक भी जुड़े हैं। पांच एशियाई देशों, चीन, ताइवान, हांगकांग, इंडोनेशिया, मलेशिया में नेटवर्क कंपनी का प्रभार संभाल रहे युवा भी इस टीम के अहम सदस्य हैं। आईटी प्रोफेशनल चेतना और विष्ण ठाकुर लाइव के साथ फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर पर मोदी के भाषण के फोटो और कमेंट पोस्ट करते रहे।
85 लोगों की टीम इन फोटो को शेयर कर एक मिनट के भीतर ही लाखों लोगों तक पहुंचाती रही। महानगर संयोजक विजय भदौरिया ने बताया कि सोशल मीडिया, इंटरनेट के साथ आईटी टीम 9 कैमरों के जरिए लाइव वीडियो को चैनलों को देती रही। टीम के पास 100 चैनलों को एक साथ फीड देने वाली ओबी वैन है।
युवतियों के लिए बनेगा अलग ग्रुप
आईटी प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष करुणेश शर्मा के मुताबिक फेसबुक पर युवतियों को अपने विचार रखने के लिए अलग से ग्रुप तैयार किया जाएगा, जिसमें केवल युवतियों को ही शामिल किया जाएगा। वह राजनीति नहीं, बल्कि अपने विचारों को इस ग्रुप में शेयर कर पाएंगी। उनके विचार ही हमें फीडबैक बतौर मिलेंगे।