उत्तर प्रदेश में घाघरा नदी पुल पर शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे गड्ढे के कारण स्टेयरिंग फेल हो जाने से अनियंत्रित ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ नदी में जा गिरा।
मिली जानकारी के मुताबिक, बहराइच से लखनऊ जा रहे दाल लदे ट्रक पर चालक व क्लीनर समेत श्रावस्ती व बहराइच जिले के 26 मजदूर सवार थे जो नदी में डूब गए।
इनमें से किसी तरह चार को तो नदी से बाहर निकाल लिया गया लेकिन बाकी 22 लोग अभी तक लापता हैं।
बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में हुए हादसे के करीब नौ घंटे बाद मौके पर पहुंची क्रेन से ट्रक को निकालने की कोशिश की गई लेकिन रस्सा टूट जाने से प्रयास विफल रहा। इसके बाद प्रशासन ने बड़ी क्रेन मंगाई।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। गोताखोरों को घंटों प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी। राहत एवं बचाव कार्य के लिए बीएसएफ के छह जवान देर शाम पहुंच चुके थे।