फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : योगी-अखिलेश समेत 348 नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ, बचे 50 विधायकों को आज दिलाई जाएगी शपथ

Tue, 29 Mar 2022 12:53 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले सदन के नेता के रूप में शपथ ली। नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी विधायक पद की शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर ने शपथ दिलाई। सदन में सीएम योगी ने अखिलेश यादव से हाथ मिलाया।  
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव सहित 348 नवनिर्वाचित विधायकों ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर रमापति शास्त्री और शपथ ग्रहण के लिए मनोनीत वरिष्ठ विधायकों ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई।

विज्ञापन


विधानसभा में सोमवार सुबह 11 बजे शपथ दिलाने की कार्यवाही शुरू हुई। प्रोटेम स्पीकर ने सबसे पहले नेता सदन योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव, वरिष्ठ विधायक सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सूर्य प्रताप शाही, बेबीरानी मौर्य, लक्ष्मीनारायण चौधरी, नंदगोपाल गुप्ता नंदी, अनिल राजभर, जयवीर सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, दयाशंकर सिंह, असीम अरुण सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों को शपथ दिलाई। बता दें, 403 विधायकों में से प्रोटेम स्पीकर सहित पांच वरिष्ठ विधायकों को राज्यपाल की ओर से पहले ही शपथ दिलाई जा चुकी है। इस तरह 398 विधायकों को शपथ दिलाई जानी है। सोमवार को पहले दिन 348 विधायकों ने शपथ ली। शेष 50 नवनिर्वाचित विधायकों को मंगलवार को शपथ दिलाई जाएगी। 

अखिलेश से मिले योगी
सीएम योगी सदन की कार्यवाही शुरू होने से करीब दस मिनट पहले ही मंडप में पहुंच गए थे। उन्होंने सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के पास पहुंचकर उनका अभिवादन किया। अखिलेश ने भी योगी को नमस्कार किया। दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत को देखकर वहां मौजूद सत्ता और विपक्ष के विधायक प्रसन्न नजर आए। शपथ लेने जाते समय भी अखिलेश सभी दलों के नेताओं से मिलते हुए शपथ लेने पहुंचे।
विज्ञापन


इन विधायकों ने संस्कृत में ली शपथ
भाजपा विधायकों में सबसे पहले अलीगढ़ से विधायक मुक्ता संजीव राजा ने संस्कृत में शपथ ली। अनुपमा जायसवाल, संजय कुमार शर्मा, अनिल कुमार, विनोद शंकर अवस्थी, लोकेंद्र प्रताप सिंह, शशांक त्रिवेदी, ज्ञान तिवारी, नीरज बोरा, सुभाष त्रिपाठी, राजेश त्रिपाठी, गणेश चंद्र और नीलकंठ तिवारी ने संस्कृत में शपथ ली।

इन्होंने उर्दू में ली शपथ
सपा विधायक जियाउर्रहमान, मोहम्मद फहीम इरफान, गुलाम मोहम्मद और नफीस अहमद ने उर्दू भाषा में शपथ ली।

बुंदेलखंडी में शपथ
झांसी जिले से विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बुंदेलखंडी भाषा में शपथ ली।

शपथ लेते अटके माननीय
विधायक पद की शपथ लेते हुए पहली बार चुनकर आए माननीय ही नहीं कई ऐसे वरिष्ठ विधायक भी अटक गए जो तीसरी चौथी बार चुनकर आए थे। कुछ विधायकों को स्पीकर ने पहले शपथ को खुद पढ़ा उसके बाद उसे दोहराते हुए विधायकों ने शपथ ली।
 

विज्ञापन

पल्लवी पटेल की शपथ पर थपथपाई मेज 

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से चुनाव हराकर विधायक बनी पल्लवी पटेल की शपथ के समय सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित सभी सपा विधायकों ने मेज थपथपाते हुए उनका अभिवादन किया।

हम भी आप ही के विधायक हैं
सपा विधायक रफीक अंसारी ने शपथ के बाद सीएम योगी से आग्रह किया कि उनके लिए भी वे मेज बजाएं। उन्होंने कहा कि हम भी आपके विधायक हैं, इसके बाद योगी ने मेज बजाते हुए उनका भी अभिवादन किया।

पक्ष और विपक्ष में भगवा
विधानसभा में इस बार पक्ष और विपक्ष दोनों जगह भगवा वस्त्रधारी रहेंगे। सत्ता पक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवा वस्त्र धारण करते हैं इस बार सपा विधायक स्वामी ओमवेश भी सदन में भगवा वस्त्र में नजर आएंगे। स्वामी ओमवेश जब शपथ लेने गए तो सपा विधायकों ने मेज बजाकर उनका अभिवादन किया। स्वामी ओमवेश ने योगी को नमस्कार कर उनसे हाथ भी मिलाया।

दो विधायक जेल में
रामपुर से सपा विधायक आजम खां और कैराना से विधायक नाहिद हसन जेल में बंद होने के कारण शपथ नहीं ले सके। वहीं आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी शपथ नहीं ली है।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें